लुधियाना के बाबा दीप सिंह नगर इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी की पत्नी दलबीर कौर ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। जब विवाहिता को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया तो उसके बच्चे ने अपने ननिहाल फोन कर दिया। दलबीर के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे और थाना दुगरी की पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने जांच के बाद जेल रोड अजीत नगर निवासी श्याम सिंह की शिकायत पर दलबीर कौर के पति नवतेज सिंह उर्फ गोल्डी, उसकी प्रेमिका चरणजीत कौर और सास परमजीत कौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
शाम सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके दामाद नवतेज सिंह का प्रॉपर्टी सेल परचेज का कारोबार है। उसके दफ्तर में काम करने वाली आरोपी महिला चरणजीत कौर के साथ उसके नाजायज संबंध थे। जिसका दलबीर कौर को पता चल चुका था और इसी बात को लेकर दोनों में कलेश रहता था। जिसके बाद दलबीर मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। जिस कारण दो दिन पहले दलबीर कौर ने घर में ही पड़ा कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिवार वाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहां दलबीर कौर की मौत हो गई। शाम सिंह ने कहा कि उन्हें दोहते का फोन आया कि उसकी मां दलबीर कौर बेहोश हो गई है। जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे लेकिन दलबीर की मौत हो चुकी थी। उधर, जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी शुरु कर दी है।