कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर महानगर के कारोबारियों से अवैध तौर पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को थाना डिवीजन चार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गे हैं और लगातार उसके संपर्क में थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया और दोनों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान जतिन उर्फ सैम और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू के ताैर पर हुई है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने गोल्डी बराड़, शुभम ग्रोवर, वरिंदर चरन, मानव, विकास, राजेश उर्फ कंन्नू, संदीप, नरेश सोनी, विक्रम संदीप, राजन सिद्धू उर्फ नन्नी, जसप्रीत सिंह उर्फ जस, जतिन उर्फ सैम और जतिन कटारिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस टीम दरेसी के पास स्थित वेद मंदिर चौक के करीब गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने अपना एक गिरोह महानगर में संगठित कर रखा है। आरोपी कारोबारियों और उद्यमियों के साथ साथ कई लोगों को धमकियां देते हैं और रंगदारी मांगते है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जतिन उर्फ सैम और जसप्रीत सिंह दोनों ही किसी से रंगदारी लेने की फिराक में है और इलाके में जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से पुलिस ने हथियार और फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों की मोबाइल डिटेल निकलवाने में लगी है। ताकि पता चल सके कि वह गोल्डी बराड़ के संपर्क में है या फिर नहीं।