फव्वारा चौक स्थित भारतीय स्टेट ऑफ इंडिया में अपनी मां के साथ पैसे जमा करवाने आई युवती का पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब डेढ़ लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज थे।
युवती ने बैंक मैनेजर से इसकी शिकायत की और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने की बात कही, लेकिन बैंक मैनेजर ने फुटेज दिखाने से मना कर दिया। युवती ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के आने पर बैंक मैनेजर ने फुटेज दिखाई। फुटेज में पुलिस को एक युवक युवती का पर्स उठाकर जाता दिखा। पुलिस ने बाड़ेवाल की रहने वाली निधि अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
निधि की शिकायत के मुताबिक बुधवार सुबह वह अपनी मां के साथ फव्वारा चौक के निकट एसबीआई में पैसे जमा करवाने आई थी। उसके पर्स में डेढ़ लाख रुपये के पुराने नोट थे। पैसे जमा करवाने के लिए वह वाऊचर भरने लगी और पर्स साइड पर रख दिया। वाऊचर भरने के बाद देखा तो पर्स गायब था। उसने आसपास देखा उसे पर्स नहीं मिला।
नीधि का कहना है कि उसने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसके बारे में बताया। जांच अधिकारी एएसआई मूल राज का कहना है कि बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पर्स चोरी करने वाला युवक नजर आ गया है। उसकी फोटो हासिल कर ली गई है। मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।