ससुराल वालों के ताने और मारपीट से तंग महावीर जैन कालोनी में रहने वाली अमनदीप कौर ने शुक्रवार को अपने घर पर ही फंदा लगाकर जान दे दी।
उसके ससुराल वालों ने उसका शव लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी और चौकी सुंदर नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इसकी जानकारी अमनदीप के परिजनों को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आरोप लगाया कि अमनदीप के ससुराल वाले उसे काफी तंग करते थे, जिस वजह से उसने आत्महत्या की है।
पुलिस ने अमनदीप की मां परमजीत कौर की शिकायत पर उसके पति नितिन कुमार, ससुर पवन कुमार और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
परमजीत कौर की शिकायत के मुताबिक उसकी बेटी की शादी आरोपी नितिन के साथ करीब छह वर्ष पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसके ससुराल वालों ने उसे दहेज की मांग को लेकर तंग करना शुरू कर दिया था। उन्होंने पहले भी कई बार नितिन और उसके परिवार वालों को समझाया था, लेकिन वह नहीं माने और लगातार उसे तंग करते रहते थे।
ससुराल वालों के ताने और मारपीट से तंग आकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रहे एएसआई राजवंत सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है।