जीएमटी स्कूल में वीरवार दोपहर को महिला चपरासी ने प्री नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची के बाल उखाड़ दिए। बच्ची का कसूर सिर्फ इतना था कि वह क्लासरुम में बैठने के दौरान बाथरुम के बारे में नहीं बता पाई। गुस्से में आई चपरासी ने उसके बाल खींच दिए जिससे वह उखड़कर हाथ में आ गए।
इसके बाद चपरासी डर गई और उसने किसी को बिना बताए उसे ऑटो में बैठा दिया। बच्ची जब घर पहुंची तो काफी डरी हुई थी। बच्ची के परिजनों ने उससे पूछा तो बच्ची सिर में दर्द की बात कहने लगी। जब उन्होंने सिर में हाथ लगाया तो उसके बाल गायब थे। वह तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। उसके बाद वह थाना सलेम टाबरी में इसकी शिकायत करने गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहादुर के रोड पर रहने वाले पकंज कुमार ने कहा कि उनकी इलेक्ट्रानिक पार्ट्स की शॉप है। उनकी तीन साल की बच्ची जालंधर बाईपास चौक स्थित जीएमटी स्कूल में प्री नर्सरी में पढ़ती है। वीरवार को वह अपनी क्लासरूम में बैठी थी तो उसने वहीं बाथरूम कर दिया। क्लास टीचर ने महिला चपरासी को उसे साफ करने के लिए कह दिया। चपरासी महिला बच्ची को अपने साथ बाथरूम में ले गई। वहां जाकर उसने बच्ची को गुस्सा दिखाया और उसके बाल खींच दिए।
बच्ची के बाल उसके हाथ में आ गए और बच्ची दर्द से कराहने लगी। बच्ची के बाल हाथ में आने के बाद चपरासी महिला भी डर गई और उसने किसी को बिना बताए बच्ची को ऑटो में बिठाकर घर के लिए रवाना कर दिया। बच्ची घर में काफी डरी हुई थी तो उसके परिजनों ने बच्ची को घबराने का कारण पूछा। जब बच्ची ने सिर में दर्द का बताया तो उन्हें बाल उखड़ने का पता चला। वह तुरंत इसकी शिकायत करने के लिए स्कूल पहुंचे।
उन्होंने स्कूल में शिकायत करने के बाद थाना सलेम टाबरी में भी इसकी शिकायत की। मामले की जांच कर रहे सुखपाल सिंह ने कहा कि वीरवार दोपहर को बच्ची के परिजनों ने पुलिस के पास इस मामले की शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने चपरासी महिला द्वारा बच्ची के बाल खींच कर उखाड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को स्कूल में जाकर जांच की जाएगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मैं वीरवार को छुट्टी पर थी। मेरे ध्यान में यह मामला आ चुका है। बच्ची के परिजनों को शुक्रवार स्कूल में बुलाया गया है। मैं बच्ची के परिजनों और चपरासी से बात करूंगी और खुद जांच करूंगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविंदर कौर, प्रिंसिपल, जीएमटी स्कूल