गांव भेजने के लिए दिए मनी आर्डर के पैसे वापस न देने पड़े, इसके लिए एक व्यक्ति ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मजदूर की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मजदूर का शव खेतों में फेंक दिया। घटना का पता उस समय चला जब खेतों में काम करने वाले मजदूर वहां पहुंचे और शव खेतों में देख इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गांव धूरकोट के रहने वाले रमेश पासवान के रुप में हुई है। पुलिस ने उपकार सिंह और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना डेहलों के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि रमेश पासवान गांव धूरकोट के रहने वाले भूपिंदर सिंह के पोल्ट्री फार्म में काम करता था। उसके साथ चार अन्य मजदूर भी काम करते हैं। कुछ दिन पहले रमेश ने अपने घर भेजने के लिए भूपिंदर सिंह से 8700 रुपये लिए थे।
उपकार सिंह ने उसे झांसा दिया कि वह मनी आर्डर के जरिए उसके पैसे भेज देगा। जब रमेश पासवान को घर से फोन आया कि उसके पैसे नहीं पहुंचे तो उसने उपकार से पैसे की मांग की, लेकिन आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया। इसी बात को लेकर रमेश और उपकार के बीच कहासुनी भी हुई थी।
उपकार ने उसे कहा कि वह कुछ दिन में उसके पैसे वापस दे देगा। शुक्रवार सुबह करीब साढे़ 11 बजे उपकार रमेश को यह कह कर अपने साथ ले गया कि वह मंडी में उसके पैसे दिलवा देगा। वह उसे अपने बुलेट मोटरसाइकिल पर साथ ले गया था।
करीब एक बजे भूपिंदर ने उसे फोन कर कहा कि अब फीड का समय हो गया है और वह शैलर में आ जाए। रमेश ने उसे बताया कि उपकार पैसे लेने गया है और वह पैसे लेने के बाद वापस आ रहा है। लेकिन देर रात्रि तक वह वापस नहीं आया। सुबह उसे पुलिस का फोन आया कि उनके नौकर की लाश धान के खेत में पड़ी है। पुलिस ने उपकार और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी अमनदीप बराड़ ने बताया कि पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश कर रही है।