शिकायत लेकर वीरवार रात थाने में पहुंची शिमलापुरी निवासी सुनीता के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में चौकी बसंत पार्क के इंचार्ज चमन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसी मामले में कांस्टेबल प्रभजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस ने सुनीता रानी के बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले की जांच शुरू कर दी है और उसे जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दे दिया है।
जानकारी के अनुसार सुनीता रानी के बेटे विनीत (17) पर वीरवार को पड़ोसियों ने हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था। उसे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने इसकी शिकायत चौकी बसंत पार्क में दी। सुनीता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और पुलिस मुलाजिमों ने उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया। उसके बेटे पर हमला करने वाले लोग लगातार उन्हें धमकियां देते रहे। जब उन्होंने इस बात की जानकारी चौकी इंचार्ज को दी तो उसने उल्टा उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी। इससे गुस्साए इलाका निवासियों ने गिल रोड पर प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद जब आलाधिकारी मौके पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आलाधिकारियों ने शुक्रवार को चमन सिंह को लाइन हाजिर और प्रभजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया। इससे पहले भी इसी थाने के इंचार्ज जगजीत सिंह को चोर से तीन लाख रुपये लेकर उसे छोड़ने के आरोप में नामजद किया गया था। ढंढारी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह को भी घूस लेने के आरोप में सस्पेंड किया जा चुका है। थाना डिवीजन तीन के प्रभारी राजेश शर्मा को भी युवक से मारपीट करने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है।