शहर से सटे गांव भंसड़िया में लड़कियों की नि:शुल्क पढ़ाई के लिए एनआरआई महिला द्वारा निर्माणाधीन सत्यराम गर्ल्स हाईस्कूल में सोमवार की रात लूटपाट के मामले में पुलिस पांचवें दिन भी खाली हाथ है। उधर लुटेरों के हमले से जख्मी स्कूल मैनेजर और एनआरआई महिला को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां एनआरआई महिला शोभना नंदी की दो पसलियों में फ्रैक्चर मिला है, जबकि स्कूल मैनेजर शुभलक्ष्मी सिंह के सिर में पस पड़ने के कारण दोबारा ऑपरेशन किया गया है।
दो नवंबर की रात निर्माणाधीन सत्यराम गर्ल्स हाईस्कूल में बदमाशों ने धावा बोलकर एनआरआई महिला शोभना नंदी और स्कूल मैनेजर शुभलक्ष्मी सिंह को धमकाने के लिए लोहे की रॉड से हमला कर दिया था, जिससे शुुुभलक्ष्मी का सिर फट गया था। वारदात में एनआरआई महिला को अंदरूनी चोटें आईं थी। एसपी अखिलेश चौरसिया ने दूसरे दिन मौका मुआयना कर घटना के वर्कआउट के लिए सीओ सिटी एमपी सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी और स्वाट टीम को भी लगाया था, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस को मामले में कोई सफलता नहीं मिली है। उधर घटना से आहत दोनों महिलाएं स्कूल बंद कर दिल्ली चली गई हैं, जहां इलाज के दौरान एनआरआई महिला की दो पसलियों में फ्रैक्चर निकला है, जबकि शुभलक्ष्मी के सिर में पस पड़ने के कारण दोबारा ऑपरेशन किया गया है।
एनआरआई ने कनाडा
लौटने का संकेत दिया
कनाडा की एनआरआई महिला शोभना नंदी ने अमर उजाला को सेलफोन पर बताया कि वह अपने पूर्वजों की स्मृति में यहां की लड़कियों को नि:शुल्क शिक्षा देने आईं, लेकिन उनके साथ यहां के लोगों ने मारपीट कर लूटपाट की। उन्होंने कहा कि लखीमपुर के प्रशासन और पुलिस की हालत यह है कि कंट्रोल नंबर 100 काम करता नहीं, अस्पताल में डॉक्टर और नर्स मिलते नहीं है। वह कहती हैं कि घटना वाली रात अगर 100 नंबर फोन उठ जाता तो शायद सभी बदमाश पकड़े जाते किंतु फोन उठा ही नहीं। फिर वह अपनी पीड़ा बताते हुए कहती हैं कि घटना के बाद पांच दिन बीत गए, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। इससे वह बहुत दु:खी हैं। एक सवाल के जवाब में वह कहती हैं कि लखीमपुर के लोग और प्रशासन चाहेगा, तभी वह स्कूल खोलेंगे अन्यथा कनाडा लौट जाएंगे।
स्कूल चौकीदार अभी हिरासत में
कोतवाली पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही स्कूल के चौकीदार संजय, वाहिद और वसंत को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया था। सीओ सिटी एमपी सिंह की मानें तो उनसे अभी कोई खास सुराग नहीं मिल सका है, लेकिन अभी वह पुलिस हिरासत में हैं। मामले की विवेचना चल रही है। उम्मीद है कि जल्द सफलता मिलेगी।