एक निजी कंपनी के मुलाजिमों ने पक्खोवाल रोड स्थित होटल आइवरी रिट्रीट के
बाहर होटल कर्मी से मारपीट कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। मारपीट के बाद
हमलावर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर
पहुंची। होटल प्रबंधक ने घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की
पहचान बिट्टू के रुप में हुई है।
होटल मालिक अतुल पाहवा ने कहा कि उनके
होटल में निजी कंपनी के मुलाजिमों ने एक कमरा बुक कराया था। देर रात को
युवक होटल में पहुंचे। उन्होंने कमरा बुक करने की बात कही और चाबी मांगने
लगे। रिसेप्शन पर मौजूद मुलाजिम ने उनसे पहचान पत्र मांगा तो युवक उसके साथ
कहासुनी कर होटल से बाहर चले गए। इसी दौरान तीन युवक अपने ही चौथे साथी को
गालियां देने लगे। वहां मौजूद होटल के चौकीदार ने उन्हें होटल के बाहर
झगड़ा करने से रोका तो युवकों ने उसे पीट दिया। जब होटल कर्मचारी बिट्टू
वहां पहुंचा तो युवकों ने उसे भी बुरी तरह से पीट दिया। थाना सदर के एसएचओ
सब इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि पुलिस के पास मामले की शिकायत आ
गई है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।