कैंटर पर जाली नंबर प्लेट लगाने के बाद रेलवे विभाग से कर्मचारियों की मिलीभगत से डीजल चोरी कर बेचने वाले दो आरोपियों को सीआईए वन की पुलिस ने साहनेवाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मालेरकोटला निवासी नूरदीन और पटियाला निवासी राजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस फरार चल रहे आरोपियों के तीसरे साथी संगरूर निवासी महेश का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सीआईए वन के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने कहा कि पुलिस ने साहनेवाल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कैंटर पर जाली नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं। आरोपी रेलवे विभाग के भारतीय पेट्रोल पंप से डीजल चोरी कर अलग अलग पंपों पर बेच देते हैं। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को रोक लिया। पुलिस ने कैंटर के कागजात मांगे तो आरोपी सही जवाब नहीं दे सका। इसी दौरान आरोपी महेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाकी दोनों आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कहा कि कैंटर पर जाली नंबर प्लेट लगी हुई है और आरोपी इसमें चोरी का दस हजार लीटर डीजल किसी को बेचने के लिए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने कहा कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी का पता लगा रही है।