लक्कड़ बाजार के पास बेदी मार्केट में स्थित होलसेल दुकान से चोरों ने लाखों रुपये के ड्राई-फ्रूट चुरा लिए। ताले तोड़ कर अंदर घुसे चोर करीब आठ लाख का माल चुरा ले गए। थाना कोतवाली की पुलिस ने मालिक संजय बंसल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय बंसल ने पुलिस को बताया कि बेदी मार्केट में उनकी बंसल सेल्स होलसेल ड्राईफ्रूट की दुकान है। अंदर ही गोदाम है जबकि पहली मंजिल पर ऑफिस बना हुआ है। शुक्रवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बंसल ने बताया कि चोर उनके गोदाम से 32 पेटी काजू, 50 किलो सोगी, 225 किलो बादाम गिरी और अन्य सामान चुरा ले गए।
इसके अलावा चोर ऑफिस से बिल बुक, सेल्स टैक्स रिटर्न की कापियां भी साथ ले गए। उनके मुताबिक चोरी माल करीब 8 लाख रुपये की कीमत का है।