तलवंडी पुलिस ने सात माह बीत जाने के बाद लूट के एक मामले में पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने पीड़ित मंगत राज की शिकायत पर मनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलजीत सिंह निवासी गांव कोरेआणा औरी सुखविंदर सिंह पर केस दर्ज किया है।
मामले के जांच अधिकारी व थाना तलवंडी में तैनात एएसआई अमरीक सिंह ने बताया कि 20 मई 2016 को मंगत राज अपने दोस्त गुरसेवक सिंह के साथ इनोवा से गांव संगत खुर्द के पास से गुजर रहे थे। उक्त चारों उन्हें रोककर हथियार दिखाकर गाड़ी समेत अगवाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने डरा धमकाकर पहले उनसे 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने उनके एटीएम से 70 हजार रुपये और निकलवा लिए।
एएसआई ने बताया कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के बाद पीड़ितों को अज्ञात स्थान पर छोड़ दिया और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।