नशा तस्करी के मामले में डेढ़ महीने पहले जमानत पर आए एक आरोपी ने बाहर आते ही फिर से नशा तस्करी शुरू कर दी।
एंटी नारकोटिक्स सेल की पुलिस ने आजाद नगर के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद की है। अर्जुन देव नगर के दीपक वर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
एंटी नारकोटिक्स सेल दो की पुलिस के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि धूरी रेलवे फाटकों के पास स्थित कबीर बस्ती में उसकी दीप फाइनेंस कंपनी है। आरोपी पिछले छह-सात साल से नशा तस्करी करता है। आरोपी खुद भी नशा करने का आदी है। वह सिधवां बेट से नशीला पदार्थ लाकर सप्लाई करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी, हत्या और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है।