लुधियाना के गांव पमाल में देर शाम एक युवक ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव थरीके के जगजीत नगर इलाके में रहने वाले राजवीर सिंह खैरा (25) के रूप में हुई है। वह एमबीए का छात्र था।
पीएयू थाने की पुलिस ने राजवीर की हत्या के आरोप में उसके दोस्त जुगात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि जुगात के पास लाइसेंसी पिस्तौल थी। आरोपी इंटरनेशनल पैराशूटर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। फिलहाल वारदात के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
शुक्रवार देर शाम राजवीर अपने घर पर ही था। इसी दौरान उसका जुगात सिंह सेखों उसके घर पहुंचा और राजवीर को साथ लेकर चला गया। राजवीर परिवार वालों कह कर गया था कि वह अपने दोस्त जुगात के साथ किसी काम से जा रहा है। कुछ समय बाद आ जाएगा लेकिन वह नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि रास्ते में दोनों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और जुगात सिंह सेखों ने राजवीर को गोली मार दी। जुगात वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकला।
गांव पमाल के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर थाना पीएयू पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पीएयू के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि आरोपी जुगात सिंह सेखों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने दोस्त की हत्या क्यों की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है।