नाबालिग से मिल में ले रहे थे काम, कटी अंगुलियां
मालिक ने नहीं कराया इलाज, बाल मजदूरी पर श्रम विभाग भी खामोश
मंडी गोबिंदगढ़।
जीटी रोड इलाके स्थित एक मिल की मशीन पर काम करते वक्त अपनी हाथों की अंगुलियां गंवाने वाले मजदूर अर्जुन की लाचार मां ज्योति देवी ने मिल मालिक द्वारा बेटे का पूरा इलाज न कराने का रोष जाहिर किया है। हादसे में जख्मी होने वाले युवक की पहचान अर्जुन कुमार (15) पुत्र जीया लाला निवासी यस बैंक जीटी रोड मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है। जिसकी आयु सिर्फ 15 साल है और बाल मजदूरी करते अपने हाथ की अंगुलियां गंवा बैठा है।
हादसे के तुरंत बाद औद्योगिक इकाई के मालिक ने उसे मेडिकल स्टोर से प्राथमिक उपचार देकर घर छोड़ आए लेकिन बाद में उसे पूछा तक नहीं। अर्जुन अपनी मां के साथ निरंतर मिल में इलाज के लिए चक्कर लगा रहा है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही और न ही मिल मालिक इलाज करा रहा है। अर्जुन की मां ने बताया कि कुछ दिन पहले काम पर एक अन्य श्रमिक ने अचानक मशीन चला दी, जिससे अर्जुन का हाथ मशीन में आ गया था। उल्लेखनीय है कि हादसा होने पर औद्योगिक इकाइयों के मालिक जान बूझकर घायल श्रमिकों को निजी अस्पतालों या मेडिकल स्टोर से इलाज करवाते हैं ताकि विभाग की कार्रवाई से बचा जा सके। मिल मालिक अवतार सिंह का पक्ष जानने के लिए कई फोन किए गए तो उन्होंने फोन हीं उठाया।
फोटो कैप्शन: 05जीबीजीपी05 मंडी गोबिंदगढ़ में घायल अर्जुन कुमार अपनी मां ज्योति देवी जानकारी देती हुए।