चोर सरगना अकाली नेता 65 मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार, दो फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)।
जगरांव सीआईए स्टाफ की पुलिस ने सूबे के तीन जिलों में हथियारों के दम पर मोटरसाइकिल छीनने एवं चोरी करने वाले गिरोह का परदाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना एवं अकाली नेता समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 65 चोरी के मोटरसाइकिल एवं पिस्तौल बरामद किए गए हैं। लुधियाना रेंज के डीआईजी गुरशरण सिंह संधू ने दावा किया कि लुधियाना पुलिस जिला देहाती में दोपहिया वाहनों की यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।
डीआईजी ने कहा कि गिरफ्तारी से पहले गिरोह के सदस्य जगरांव इलाके में लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस को देख कर छह सदस्यों में से दो भागने में कामयाब हो गए। उनको पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।
डीआईजी ने कहा कि सीआईए प्रभारी लखवीर सिंह ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गांव भुमाल के नजदीक औद्योगिक इकाई के पास हथियारों से लैस गिरोह को पकड़ने के लिए दबिश दी। छह में से चार को काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दिलबाग सिंह उर्फ बाघा, सुखराज सिंह, जोबन सिंह, तरसेम सिंह शामिल हैं, जबकि बिट्टू एवं अंग्रेज फरार हो गए। आरोपियों से पुलिस को तीन पिस्तौल एवं नशीला पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिलबाग सिंह मजीठा हलके मेें अकाली दल के एसटी विंग काप्रधान रह चुका है। उसने गिरोह बना कर सूबे के तीन जिलों अमृतसर, तरनतारन और लुधियाना में हथियारों के दम पर राहगीरों से दोपहिया वाहन छीने। आरोपियों की निशानदेही पर अब तब 65 दो पहिया वाहन बरामद किए जा चुके हैं।