प्रोडक्शन वारंट पर लाए आरोपी ने कचहरी से की भागने की कोशिश
पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी थाना कूमकलां की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चोरी के एक मामले में पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए एक आरोपी ने कचहरी परिसर से फरार होने की कोशिश की। मगर समय रहते पुलिस मुलाजिमों ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कूमकलां के गांव घुमैती निवासी प्रभजोत सिंह के रुप में हुई है। चौकी कोर्ट कांप्लेक्स में तैनात एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रभजोत सिंह के खिलाफ थाना कूमकलां की पुलिस ने लूटपाट और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर था। कुछ समय पहले पुलिस को पता चला कि प्रभजोत पटियाला जेल में बंद है। सोमवार को आरोपी को पटियाला से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत में पेश करना था। थाना कूमकलां में तैनात एएसआई मोहन लाल की अगवाई में टीम आरोपी को सोमवार को कोर्ट कंप्लेक्स के बाहर स्थित बक्शीखाने के बाहर लाई। जैसे ही आरोपी को उतारने लगे तो उसने मुलाजिम का हाथ छुड़वा कर हथकड़ी सहित फरार होने की कोशिश की। मुलाजिमों ने उसे समय रहते ही काबू कर लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया। एएसआई कुलदीप सिंह ने कहा कि अधिकारियों को इस मामले में बता दिया गया है। आगे की कार्रवाई अधिकारियों के आदेश पर की जाएगी।