केमिस्ट शॉप पर से नकदी और सामान चोरी
देर रात शिकायत देने गए तो बंद मिले थाने के गेट, मुलाजिम बोला कंट्रोल रूम पर करो कॉल
चंद मिनट दूर स्थित थाने से 15 घंटे बाद पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सुंदर नगर इलाके में केमिस्ट शॉप पर देर रात चोरों ने ताले तोड़कर नकदी उड़ा ली। वारदात स्थल से चंद कदमों की दूरी पर थाना दरेसी है लेकिन चंद मिनटों का रास्ता तय करने में पुलिस को कई घंटे लग गए। पुलिस सूचना के 15 घंटों बाद वारदातस्थल पर पहुंची।
सतपाल टकियार ने बताया कि सुंदर नगर में उसकी सीता मेडिकोज के नाम से दवाओं की दुकान है। बुधवार रात उसने करीब 11.30 बजे दुकान बंद की और घर चला गया। आधे घंटे बाद उसे पड़ोसी ने बताया कि उसकी दुकान का शटर खुला है। सतपाल का कहना है कि वह तुरंत दुकान पर वापस पहुंचा तो देखा कि शटर के लॉक टूटे हुए थे। चोर शॉप से 60 हजार रुपये, एक एलईडी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर ले गए।
रात थाने के गेट बंद थे, मुलाजिम बोला 100 नंबर दो सूचना
सतपाल का कहना है कि उसकी शॉप से थाना दरेसी चंद कदमों की दूरी पर है। रात चोरी का पता चलते ही वह शिकायत देने के लिए थाना दरेसी गया था लेकिन थाने का गेट बंद था। उसने गेट खटखटाया तो एक मुलाजिम आया। उसे जब चोरी के बारे में बताया तो उसने कहा कि वह डॉयल 100 पर सूचना दें। उस पर नंबर सूचना के बाद देर रात पीसीआर कर्मी मौके पर पहुंचे थे। थाना पुलिस वीरवार दोपहर को मौके पर जांच के लिए पहुंची थी। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।