उधार दिए पैसे वापस मांगने पर बुजुर्ग की हत्या
वारदात के बाद आरोपियों ने शव को सड़क पर फेंक दिया था
दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। गांव चक्क फतह सिंह वाला में करीब चार दिन पहले मिले बुजुर्ग के शव मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग हाकम सिंह की हत्या कर शव सड़क पर फेंका गया था। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं किरनजीत कौर, सुखपाल कौर और राम सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हत्या में उपयोग की गई लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि हाकम सिंह खेतों में दिहाड़ी कर पैसे कमाता था और बाद में उन पैसों को ब्याज पर देता था। उन्होंने बताया कि किरनजीत कौर और राम सिंह ने हाकम सिंह के पास सोने की फर्जी चेन गहने रखकर ग्यारह हजार रुपये दो माह के लिए उधार लिए थे। जब हाकम सिंह को फर्जी चेन के बारे में पता चला तो उसने किरनजीत और राम सिंह से अपने पैसे वापस मांगे। एसएसपी ने बताया कि पैसे वापस न करने के लिए किरनजीत कौर ने अपनी मां सुखपाल कौर और राम सिंह के साथ मिलकर हाकम सिंह की हत्या करने की योजना बनाई। 14 सितंबर को हाकम सिंह घर पर अकेला था, आरोपियों ने तब उसकी हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को सड़क पर फेंक दिया ताकि यह साबित हो जाए कि हाकम सिंह की एक्सीडेंट में मौत हुई है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।