बेहोशी की हालत में नहर किनारे फेंक कर फरार हो गए आरोपी
पांच आरोपियों के खिलाफ अपहरण कर मारपीट करने का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नौकरी से इस्तीफा देने से गुस्साए मालिकों ने वर्कर कैलाश नगर चौक निवासी करण मल्होत्रा को घर से अगवा कर उसे सारी रात पीटा। आरोपी बेहोशी की हालत में सुबह करीब साढ़े चार बजे उसे पक्खोवाल रोड नहर के किनारे फेंककर फरार हो गए। किसी तरह युवक अपने घर पहुंचा। परिजनों ने थाना डिवीजन आठ में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने करनैल सिंह नगर निवासी अमन गोयल और राहुल गोयल, उनके जीजा ललित गोयल, बस स्टैंड निवासी रमिक उप्पल और सिक्योरिटी गार्ड गुरमीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
करण मल्होत्रा की पत्नी योगिता मल्होत्रा ने बताया कि उसके पति गिल रोड स्थित दुलारी डिजिटल फोटो सर्विस में बतौर जीएम काम करते थे। यहां पर एलबम बनाई जाती थी। योगिता के मुताबिक वह भी दुलारी डिजिटल फोटो सर्विस के यूनिट ग्रैंड लोकेशन पर काम करती थी। लोगों का काम देरी से होने के कारण करण ने इसकी शिकायत कंपनी के मालिक अमन गोयल और राहुल गोयल से की। उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। योगिता के मुताबिक कोई सुनवाई न होने पर करण ने 14 जुलाई को अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया। इससे गुस्साए मालिकों ने योगिता को भी अगले ही महीने नौकरी से निकाल दिया। योगिता के मुताबिक आरोपी उसके पति को किसी भी जगह नौकरी नहीं करने दे रहे थे। 12 सितंबर को आरोपी अमन गोयल ने करण मल्होत्रा को अपने पास बुलाया कि वह दोबारा से नौकरी ज्वाइन करे, लेकिन वहां पर जाकर कोई बात नहीं बनी।
योगिता के मुताबिक 14 सितंबर की रात को रमिक का उन्हें फोन आया और कहा कि वह करण को बोल दे कि अमन ने उन्हें बुलाया है। वह उसे लेने के लिए आ रहा था। देर रात को रमिक कार में सवार होकर करण को घर से ले गया। वहां पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसके बाद आरोपी उसे जालंधर बाईपास स्थित अपने जीजा के घर ले गए। जहां पर उनके जीजा ने उसे वहां से ले जाने की बात की और करण को घर छोड़ने की बात की। आरोपी करण को घर छोड़ने की बजाए करनैल सिंह नगर स्थित अपने घर ले गए। वहां पर आरोपियों ने करण को पीटा और खुद शराब पीनी शुरू कर दी। उससे खाली कागजात पर दस्तखत करवाकर उसे नहर किनारे फेंक दिया। अगले दिन सुबह होश आने पर करण किसी तरह से घर पहुंचा। थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।