लुटेरा गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
आरोपियों से जेवरात और मोबाइल फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
दो पहिया वाहनों पर सवार होकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को थाना डिवीजन चार की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने के जेवर, विभिन्न कंपनियों के 9 मोबाइल और वारदातों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चार दो पहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस ने शिमलापुरी के गांव लोहारा निवासी बब्लू मंडल, हैबोवाल कलां स्थित संत विहार निवासी निर्मल सिंह उर्फ टोनी, सलेम टाबरी स्थित छावनी मोहल्ला निवासी राकेश उर्फ गोसा, सिविल लाइन गुरु नानकपुरा निवासी अमरिंदर पाल सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों को वीरवार अदालत में पेश किया। वहां से सभी को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह वालियां ने बताया कि थाना डिवीजन चार की विभिन्न पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान आरोपी अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर जा रहे थे तो पुलिस ने शक के आधार पर आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों से सोने के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही इलाके में महिलाओं से पर्स छीने हैं और पर्स से जेवरात व मोबाइल फोन मिले थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के मोबाइल और सामान को सस्ते भाव में बेच कर पैसा खर्च कर देते थे। अब भी आरोपी सोने के जेवरात और मोबाइल को बेचने के लिए जा रहे थे।