एसटीएफ ने 2.50 किलो हेरोइन संग 3 को दबोचा
आरोपियों में किराए पर कार चलाने वाले दो सगे भाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। एसटीएफ ने दो मामलों में तीन नशा तस्करों को काबू किया है। आरोपियों से 2.50 किलो हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एसटीएफ एआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि लुधियाना रेंज में तैनात इंस्पेक्टर हरबंस सिंह को भिखीविंड (तरनतारन) में गुप्त सूचना मिली कि बाबा दीप सिंह नगर भिखीविंड निवासी गुरजंट सिंह (27) और उसका भाई धर्मवीर सिंह नशा तस्करी करते है। 23 अप्रैल को दोनों कार में सवार होकर हेरोइन की सप्लाई अमृतसर की तरफ देने जाएंगे। इस पर एसटीएफ ने नाकाबंदी कर जेन कार को जांच के लिए रोका। दोनों आरोपियों ने कार भगा ली एसटीएफ ने पीछा कर पूहला रोड भिखीविंड के पास कार सवार दोनों भाइयों को हिरासत में लिया गया। तलाशी में पानी वाले कैंपर से 2 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह किराए पर कार चलाने का काम करते है। बीते दो साल से तस्करी में लिप्त है।
अन्य मामले में एसटीएफ के एएसआई रामपाल ने मंगलवार बस्ती जोधेवाल के पास नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद होने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान मनदीप सिंह उर्फ दीपा निवासी न्यू आजाद नगर के तौर पर हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पहले वह मोबाइल रिपेयर का काम करता था। अब बीते डेढ़ साल से नशा तस्करी करने में लिप्त है। उसके खिलाफ थाना डिविजन नंबर 5 में इरादा कत्ल का मामला भी दर्ज है।