मादक पदार्थों संग महिला समेत 4 काबू
लुधियाना। बार्डर एरिया से हेरोइन लाकर सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने खजूर चौक के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियोंसे पुलिस ने सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी जस्सियां रोड स्थित गुरनाम नगर निवासी दिलेर मसीह, अमन नगर निवासी मोहम्मद अजीन और साजन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई जिंदर लाल ने बताया कि आरोपी दिलेर मसीह फिरोजपुर के बार्डर एरिया से हेरोइन की खेप लाकर सप्लाई करता था। पुलिस पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह हेरोइन किस व्यक्ति से लाते हैं। इसी तरह थाना कूमकलां की पुलिस ने महिला तस्कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपीसे दस ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। मामले में पुलिस ने गांव रजुर निवासी राजविंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।