पैसे लूटने से रोकने पर तेजधार हथियार से हमला
पत्नी को माथा टेकने के लिए पैसे दे रहा था पीड़ित, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डॉ. अंबेदकर नगर इलाके में एक धार्मिक समागम में पत्नी के साथ गए एक व्यक्ति से इलाके के ही युवक ने पैसे लूटने की कोशिश की। जब व्यक्ति ने उसे रोका तो आरोपी ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इलाके के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना माडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अमित कुमार की शिकायत पर थाना माडल टाऊन की पुलिस ने सुनील कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अमित कुमार की शिकायत के मुताबिक इलाके में रामलीला चल रही थी। वह अपनी पत्नी के साथ रामलीला देखने चला गया। जब उसकी पत्नी ने माथा टेकने के लिए पैसे मांगे तो उसने पैसे निकाल कर पत्नी को दिए। बाकी पैसे जब वह जेब में रखने लगा तो आरोपी ने उससे पैसे लूटने की कोशिश की। जब उसने आरोपी को रोका तो उसने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। उसके बाद आरोपी ने ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। जांच अधिकारी नेबताया कि आरोपी अभी फरार है उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।