बाइक सवार ने दोधी को गोली मारी, गंभीर
केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले के गांव जेठूके में दोधी को बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। गले पर गोली लगने से घायल हुए दोधी एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया है। थाना सदर रामपुरा पुलिस ने दोधी के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राइवेट अस्पताल में दाखिल दोधी अमरीक सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह गांव दराज के घरों में दूध डालकर वापस अपने गांव जेठूके जा रहा था। गांव के पास बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली दाग दी, जो उसके गले पर जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर जब गांव के लोग बाहर आए और उसे उठाकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया । उसने बताया कि उसकी किसी के साथ कोई दुशमनी भी नहीं है।
सूचना मिलने पर थाना सदर रामपुरा की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। एसआई चिमन लाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है। जांच की जा रही है कि गोली रिवाल्वर की है या फिर बंदूक की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस पीड़ित के बयानों पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपी तक पहुंच जाएगी ।