एटीएम डाटा चोरी कर खाते से निकाले थे एक लाख
पुलिस ने शिकायत देने के एक साल बाद दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डुगरी इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने करीब एक साल पहले फिरोजपुर रोड भारत नगर चौक के पास स्थित एक पंप से तेल डलवाया था और उसकी एटीएम कार्ड से पेमेंट से की थी। उसी दिन एटीएम का डाटा चोरी हो गया और किसी ने अलग-अलग समय में एक लाख रुपये अकाउंट से निकलवा लिए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। इसके एक साल बाद अब जाकर थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर चोरी और धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है।
डुगरी अर्बन स्टेट के रहने वाले विनोद कुमार ने बताया कि जून 2017 को उसने भारत नगर चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से कार में तेल भरवाया था। उसने एटीएम कार्ड स्वाइप कराकर तेल की दो हजार रुपये पेमेंट की थी। उसी दिन शाम को उसके मोबाइल पर छह अलग-अलग मैसेज आए। इसमें किसी व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड का डाटा चुरा कर उसके अकाउंट से एक लाख रुपये निकलवा लिए थे। विनोद कुमार का कहना है कि वह पेट्रोल पंप पर गया लेकिन, पंप मालिक ने ऐसी किसी बात से पल्ला झाडं लिया। पीड़ित का कहना है कि पंप पर ही किसी ने उसके कार्ड का डाटा चोरी किया है। इसलिए उसने पुलिस कमिश्नर को इसकी शिकायत दी जोकि साइबर सेल के पास गई। रविवार को एक साल की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है।