रोपड़ में पंजाब रोडवेज की बस पलटी, सवारियां घायल
रोपड़। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर गांव रंगीलपुर के पास पंजाब रोडवेज की बस पलट गई। हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। कुछ लोगों की सेहत विभाग की टीम ने मौके पर ड्रेसिंग की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार अमृतसर डिपो की यह बस चंडीगढ़ से अमृतसर जा रही थी। इसमें 40 सवारियां थीं। हादसे में घायल हुई पूजा ने बताया कि वह खरड़ से नवांशहर जाने के लिए बस में सवार हुई थी। हादसा कैसे हो गया इसके बारे में कुछ पता नहीं लग सका। घायल सुमित्रा और संदीप ने बताया कि एकदम बस का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। पंजाब रोडवेज के अधिकारी जगदीश सिंह ने बताया कि बस के कंडक्टर ने उन्हें बताया कि सड़क पर एक हादसाग्रस्त कार और बारिश का पानी भी खड़ा था। उन्होंने बताया कि बस चालक ने सड़क के बीच खड़ी कार से बचने की कोशिश की तो हादसा हो गया। दूसरी ओर जमा बड़ी मात्रा में बारिश का पानी भी हादसे का कारण बना। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को सीधा करवाया और थाने में ले जाया गया। एसएचओ जगजीत सिंह ने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया जा रहा है।