ड्राइवर को घायल कर लूटे पांच हजार
पीड़ित का फोन भी छीनकर ले गए बाइक सवार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फैक्टरी के सामने ट्रक लगाकर खड़े ड्राइवर को बाइक सवार दो लुटेरों ने तेजधार हथियार से हमला कर उससे पांच हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। उसके बाद आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। ड्राइवर ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलनेके बाद मौके पर पहुंची थाना साहनेवाल की पुलिस ने जांच के बाद फैक्टरी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात संगरुर के गांव दहलिया खुर्द निवासी अमृतपाल सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
अमृतपाल सिंह की शिकायत के मुताबिक वह ढंढारी कलां स्थित गिलसंस इंडिया लिमिटेड में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। फैक्टरी में इस्तेमाल किए जाने वाले काले तेल का ट्रक फैक्टरी के सामने खड़ा था। ड्राइवर आशु ट्रक के अंदर ही सो रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास आए और आते ही आरोपियों ने ट्रक की खिड़की खटखटाई। जब आशु ने गेट खोला तो आरोपियों ने तेजधार हथियार की नोंक पर ले उससे पांच हजार रुपये लूट लिए और जाते हुए मोबाइल छीन कर उसे हथियार से घायल कर दिया। घायल आशु को निजी अस्पताल से उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।