एसटीएफ टीम से नशा तस्कर छुड़ाया
लाडोवाल के गांव रजापुर में लोगों ने दुर्व्यवहार कर की धक्कामुक्की
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
नशा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने फिरोजपुर से आई एसटीएफ की टीम के साथ लाडोवाल के गांव रजापुर में लोगों ने दुर्व्यवहार करने के साथ धक्कामुक्की की। इस दौरान तस्कर एसटीएफ टीम से छूटकर फरार हो गया। उसके बाद आरोपी को भगाने वाले भी फरार हो गए। थाना लाडोवाल की पुलिस ने एएसआई सुरेश कुमार की शिकायत पर र्स्वण सिंह, अवतार सिंह, तारो, लाल सिंह और गांव के 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस से मारपीट और ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि वह एसटीएफ फिरोजपुर रेंज में तैनात है। 17 फरवरी को उन्होंने 40 ग्राम हेरोइन के साथ देसा सिंह को पकड़ा था। उसने पूछताछ में बताया कि वह लुधियाना के लाडोवाल इलाके के रहने वाले लाल सिंह से हेरोइन लेकर आता था। इसके बाद एसटीएफ टीम ने 18 फरवरी को लाडोवाल के गांव रजापुर में आरोपी लाल सिंह को पकड़ने के लिए रेड की थी। उन्होंने आरोपी लाल सिंह को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथी इकट्ठा हो गए और एसटीएफ टीम के साथ दुर्व्यवहार करते धक्कामुक्की शुरू कर दी। इसका फायदा उठा कर आरोपी लाल सिंह भाग गया और उसके बाद अन्य आरोपी भी भाग गए। जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि चार लोगों को नामजद किया है और बाकी 20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है।