हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
एक दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ जारी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। संगरूर से महानगर में हेरोइन सप्लाई करने आई महिला को एंटी नारकोटिक्स विभाग की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को पुलिस ने धांधरा रोड से दबोच लिया। महिला के कब्जे से पुलिस ने साठ ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने थाना सदर में संगरूर के राम नगर निवासी परमजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
जांच अधिकारी एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम दुगरी रोड से धांधरा रोड की तरफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला पुलिस पार्टी को देख पीछे मुड़ गई। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी महिला को काबू कर लिया और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला का पति शराब पीने का आदी था। इस कारण उनकी आपस में बनती नहीं थी और दोनों का तलाक हो गया। पैसा कमाने लिए परमजीत कौर ने हरियाणा के अलग-अलग जिलों से हेरोइन की खेप लाकर महानगर के साथ साथ अन्य जिलों में सप्लाई करनी शुरू कर दी। वह काफी समय से हेरोइन तस्करी का धंधा कर रही थी।