आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो वाहन बरामद, एक खंजर भी मिला
तीनों आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है थाना डिवीजन दो की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सड़क किनारे और पार्किंग में खड़े वाहनों को चोरी करने वाले चोर गिरोह के तीन सदस्यों को थाना डिवीजन दो की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक क्वालिस, एक टाटा-407 और एक खंजर बरामद किया है। आरोपियों को पुलिस ने आरके रोड पर नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में दशमेश नगर निवासी सुक्खा सिंह, डाबा बसंत नगर निवासी विक्की और पायल के गांव दाऊ माजरा निवासी हैप्पी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसीपी सेंट्रल वरियाम सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में चोरी की क्वालिस पर घूम रहे हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरके रोड स्थित जूम होटल के पास नाकाबंदी कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को वहां नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी सुक्खा के कब्जे से एक चोरी का छोटा हाथी और खंजर बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के गिरफ्तार होने पर वाहन चोरी की कई वारदातें हल हुई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।