ब्लैकमेलिंग से परेशान दुकानदार ने जान दी
पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
भट्टी रोड एक एल्युमीनियम फर्नीचर की दुकान के संचालक ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सल्फास निगल खुदकुशी कर ली। मृतक की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सुखबीर सिंह (55) वर्ष के तौर पर हुई है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मृतक के बेटे जतिंदरपाल सिंह की शिकायत पर आरोपी पड़ोसी दुकानदार जतिंदर कुमार निवासी बठिंडा, नौकर भोला, अंग्रेज सिंह और उसकी पत्नी तमन्ना निवासी बल्ला रामनगर बठिंडा के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइन के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक दुकानदार की जेब से जो सोसाइड नोट बरामद किया है, उसमें लिखा है कि वह उक्त आरोपियों की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर खुदकुशी कर रहा है। आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल कर पहले तीन लाख रुपए ऐंठ लिए थे और अब फिर पिछले कुछ दिनों से उससे दस लाख रुपये की और मांग रहे थे ।
एएसआई ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दुकानदार को आरोपी किस बात ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा मामला साफ होगा कि वह उसे किस बात को लेकर ब्लैकमेल करते थे। एएसआई ने दावा करते हुए कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। गिरफतारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।