लुटेरे को पीटा, डिग्गी में डालकर ले गए बाउंसर
महानगर के पाश इलाके में दिन दहाड़े दिया था वारदात को अंजाम
लुटेरे के साथ मारपीट करने वाले बाउंसरों पर कार्रवाई के मूड में पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। महानगर के सबसे पॉश इलाके सराभा नगर में शुक्रवार की दोपहर एक उद्योगपति के बाउंसरों ने दो लुटेरों को उनकी मालकिन का पर्स छीनने के बाद पीछा कर काबू कर लिया गया। बाउंसरों ने लुटेरे की जमकर धुनाई की और कार की डिग्गी में डाल कर अपने साथ ले गए। बाद में बाउंसर लुटेरे को थाना सराभा नगर ले आए और बताया कि पर्स छीनते हुए लुटेरों ने इसे गिरफ्तार किया है। लुटेरे की पिटाई और अमानवीय व्यवहार कर उसे डिग्गी में डाल कर ले जाने की बात को बाउंसर छिपा गए।यह सारा सीन एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और वह फुटेज पुलिस के हाथ लग गई। अब पुलिस इस फुटेज के आधार पर लुटेरों के साथ साथ बाउंसरों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के मूड में है। पुलिस ने फिलहाल सराभा नगर की रहने वाली सविता के ड्राइवर कुलदीप की शिकायत पर जनता नगर के जसप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार है।
शुक्रवार की दोपहर को सविता पास ही में स्थित एक दुकान से सामान लेकर गाड़ी में बैठने लगी तो बाइक सवार दो युवकों ने उसका पर्स छीन लिया। पर्स छीनते ही घर के बाहर खड़े दूसरे ड्राइवर ने देख लिया और लुटेरों के पीछे गाड़ी लगा दी। देखते ही देखते सविता की दोनों गाड़ियों ने फिल्मी स्टाइल में लुटेरों का पीछा करना शुरु कर दिया। दोनों गाड़ियां लुटेरों के पीछे इधर उधर भागती रही। एक गाड़ी ने तो लुटेरों के बाइक को टक्कर भी मार दी, लेकिन बाइक सवार बच निकले। यह सीन देख वहां सड़क किनारे खड़े लोग देख कर हैरान रह गए। इसी दौरान बाइक सवारों ने पार्क के अंदर बाइक घुसा दी। आगे रास्ता बंद होने की वजह से बाइक वहीं छोड़ कर दोनों भाग गए। लुटेरों ने पर्स भी वहीं फेंक दिया। सविता के ड्राइवर और उसके बाउंसरों ने लुटेरों को काबू कर लिया। इसी दौरान एक लुटेरा अपना हाथ छुड़वा कर फरार हो गया। इसके बाद बाउंसरों ने जसप्रीत की धुनाई की। जसप्रीत को सड़क के बीचों बीच ही मारापीटा गया और उसे गाड़ी की डिग्गी में डाल लिया गया। सविता के पर्स में एक लाख रुपये के करीब की नकदी और अन्य कीमती सामान था जो लुटेरे छीन कर ले गए थे। बाद में बरामद कर लिया गया। एडीसीपी 3 सुरिंदर लांबा ने वीडियो में बाउंसर लुटेरे से मारपीट कर ही रहे है और साथ ही उसे गाड़ी की डिग्गी में डाल कर ले जा रहे हैं। जांच की जा रही है। जांच के बाद बाउंसरों पर भी बनती कार्रवाई की जाएगी।