लुधियाना। लोकल तस्कर से हेरोइन की खेप लेकर आगे सप्लाई करने वाले आरोपी को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर के पास से गुजर रहा था। पुलिस पार्टी को देख कर आरोपी घबरा गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोक कर तलाशी ली। पुलिस ने उसके कब्जे से तीस ग्राम हेरोइन के साथ पचास हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। थाना मोती नगर की पुलिस ने इस मामले में मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी विजय कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले करीब डेढ़ साल से नशा तस्करी का धंधा कर रहा है। आरोपी खुद नशा करने का आदी है और नशापूर्ति के लिए ही उसने नशा तस्करी का धंधा शुरू किया था।