मालेरकोटला में युवक का चाकू मारकर कत्ल
लेनदेन को लेकर चल रहा था झगड़ा, पुलिस ने केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
मालेरकोटला के 786 चौक के समीप बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक नौजवान को सरे बाजार चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई। मरने व मारने वाला एक ही मुहल्ले के हैं और दोनों में पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ दिनों से झगड़ा चल रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्जकरके जांच शुरू कर दी है।
मलेरकोटला के मुहल्ला 786 चौक के समीप तेईस वर्षीय मोहम्मद आजम उर्फ बिल्ला को उसी के मुहल्ले में रहने वाले अठारह वर्षीय मोहम्मद शफीक ने चाकू मार दिया। मोहम्मद आजम को मालेरकोटला के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए लेजाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सरे बाजार हुई इस घटना की सूचना पाते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक नौजवान के दादा मोहम्मद हबीब ने बताया कि हमलावर शफीक उनके पास बचपन से रहता आ रहा है, जिसका पालन पोषण भी उन्होंने खुद ही किया। यहां तक कि उसकी बहनों का विवाह भी उन्हीं ने कराया था। उन्होंने बताया कि मोहम्मद शफीक ने मोहम्मद आजम से सात आठ हजार रुपये उधार लिए थे और पैसे मांगने पर उनका झगड़ा हो गया और शफीक ने आजम को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। डीएसपी योगीराज ने बताया कि मृतक मोहम्मद आजम के परिवारवालों के बयानों के आधार पर मोहम्मद शफीक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।