तेजधार हथियार मार ऑटो सवार से लूटे एक लाख
लाडोवाल से लिफ्ट लेने वाले तीन युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
फगवाड़ा से वापस लौटते समय लाडोवाल से जालंधर बाईपास तक दी थी लिफ्ट
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फगवाड़ा से माल छोड़ कर वापस आ रहे ऑटो ड्राइवर को लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों ने तेजधार हथियार मार कर एक लाख रुपये लूट लिए। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ऑटो चालक से लिफ्ट ली थी। तीनों लुटेरे लाडोवाल से लिफ्ट लेकर ऑटो में सवार हुए और जालंधर बाईपास के पास उतरना था। इसी बीच रास्ते में आरोपियों ने ऑटो रुकवाया और उसके साथ मारपीट कर पैसे लूट लिए। जाते हुए लुटेरे चालक का फोन भी ले गए। घायलावस्था में चालक थाना सलेम टाबरी पहुंचा। जहां उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बंटी आरोड़ा ने बताया कि उसकी गोशाला रोड पर रॉयल ब्लैंकेट नाम से बैडशीट की होलसेल शॉप है। उसकी बैडशीट अलग-अलग जिलों अलावा लुधियाना के आसपास के इलाकों में सप्लाई होती है। आसपास माल सप्लाई करने के लिए उन्होंने ऑटो चालक रंजीत को रखा हुआ है। मंगलवार रात करीब 8.30 बजे उसने रंजीत को फगवाड़ा की पार्टी को माल लोड कर दे आने के लिए कहा था। वहां माल देने के बाद जब रंजीत करीब 12 बजे वापस लुधियाना आ रहा था। लाडोवाल के पास एक युवक खड़ा हुआ था। उसने ऑटो को इशारा देकर रोका। युवक ने कहा कि वह उसे जालंधर बाईपास के पास छोड़ दें। इस पर रंजीव ने सोचा कि वह बाईपास की तरह ही जा रहा है, इसलिए उसे भी छोड़ देगा। कुछ दूरी पर दो अन्य युवक भी खड़े थे, जिन्होंने भी बाईपास पास उतारने के लिए कहा। इस पर उसने तीनों युवकों को बाईपास छोड़ने के लिए ऑटो पर बैठा लिया। जब बाईपास के पास पहुंचे तो युवकों ने तेजधार हथियार निकाल लिए। बंटी के मुताबिक रंजीत का कहना है कि लुटेरों ने उसके सिर पर दात से हमला किया, उसने बचाव के लिए हाथ आगे कर लिया, दात उसके हाथ पर लगा। इसके बाद लुटेरों ने उसके पास से कैश और मोबाइल लूट लिया।