दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला की गर्दन पर दातर रख गहने उतरवाए
सुबह करीब साढ़े नौ बजे की घटना, चार तोले सोना, डेढ लाख नकदी व मोबाइल लूटा
डीएसपी प्रोवेशनल, एसएचओ सिटी समेत पुलिस टीम ने शुरू की जांच
कपूरथला। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे महज 25 मिनट में एक नकाबपोश लुटेरे ले दिनदहाड़े घर में घुसकर दातर महिला की गर्दन पर रखकर सोने के गहने उतरवाकर लूट की घटना को अंजाम दिया। लुटेरा महिला के गहनों के अलावा लॉकर से डेढ़ लाख की नकदी व स्मार्टफोन ले गया। डीएसपी प्रोवेशनल, थाना सिटी के एसएचओ समेत पुलिस फोर्स घटना पर पहुंची और जांच पड़ताल का दौर शुरू किया।
डीएसपी प्रोवेशनल सुखविंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि गोपाल पार्क की कोठी नंबर.54 में घर में घुसकर एक युवक महिला के गहने और नकदी लूट कर ले गया है। इस पर वह मौके पर पहुंचे तो पीड़िता वीना कुमारी पत्नी चमन लाल निवासी गोपाल पार्क ने बताया कि उनके पति तहसील में वसीका नवीस हैं और सुबह वह तहसील चले गए और घर पर वह अकेली थी। साढ़े नौ बजे के करीब नकाबपोश सरदार युवक हाथ में दातर लेकर घर में घुस आया और उसने आते ही दातर उसकी गर्दन पर रख दिया और गहने उतारने के लिए कहा। उसने डर के मारे सारे गहने उतार कर उसे दे दिया। बाद में लुटेरे ने लॉकर खुलवाया और उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और उसका मोबाइल लेकर भाग गया। उसने बताया कि उसके करीब तीन-चार तोले सोने के गहने थे। इस पर थाना सिटी की पुलिस ने महिला के बयान पर जांच पड़ताल का दौर शुरू कर दिया है। डीएसपी ने बताया कि उन्होंने आसपास के संस्थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। महिला ने एक व्यक्ति की शिनाख्त की है। बाकी जांच पड़ताल का दौर जारी है।