हत्या का आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर
आरोपी तेजी की तलाश में अब भी चल रही छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
जालंधर बाईपास के पास स्थित फ्रूट मंडी में डेढ़ साल पहले हुई मारपीट में कुलप्रीत सिंह उर्फ रूबल की हत्या करने के आरोप में भगोड़ा करारइकबाल सिंह उर्फ बाला को बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। एडीसीपी 4 राजवीर सिंह ने बताया कि सात जून 2016 की सुबह फ्रूड मंडी में हुए झगड़े के दौरान कुछ लोगों ने कुलप्रीत सिंह उर्फ रूबल की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद पुलिस ने कुछ युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी बाला और तेजी पुलिस के हत्थे से बचकर निकल गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में काफी समय तक अलग अलग-जगहों पर छापामारी करती रही लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर निकल जाते थे। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाला वर्धमान के पास से जा रहा है तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी तेजी के पास काफी समय तक रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तेजी का पता लगाने में जुटी हुई है।