नशा तस्कर ने पुलिस मुलाजिम पर चढ़ाई बाइक
दो दिन पहले का मामला, टांग टूटी फिर भी कोई अधिकारी नहीं पहुंचा हाल जानने
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हेरोइन सप्लाई की सूचना मिलने पर पीछा कर रोकने वाले हेड कांस्टेबल पर नशा तस्कर ने बाइक चढ़ा दी। इससे उनकी टांग टूट गई। तस्कर को किसी तरह से काबू कर लिया गया। हेड कांस्टेबल जसविंदर सिंह पर हमला हुए दो दिन बीत चुके हैं लेकिन शाबाशी देना तो दूर अधिकारी उनकी सुध तक नहीं लेने गए। थाना प्रभारी ने तो तर्क दिया कि वह बाहर थे जिस कारण जसविंदर का हाल जानने नहीं जा सके।
हेड कांस्टेबल जसविंदर सिंह ने बताया कि वह थाना मोती नगर में तैनात है। उन्हें सूचना मिली कि दो नशा तस्कर हेरोइन की सप्लाई करने के लिए आ रहे हैं। चंडीगढ़ रोड स्थित अकाई अस्पताल के पास उन्होंने पैसे गिन रहे एक व्यक्ति को काबू कर लिया। व्यक्ति ने बताया कि वह पैसे लेने आया है जबकि नशीला पदार्थ कुछ दूरी पर खड़े युवक को देना है। जसविंदर के मुताबिक वह तस्कर उन्हें देख कर भाग निकला। उन्होंने अपने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। तस्कर एनआरआई थाने की तरफ भागा। उन्होंने ओवर टेक कर आरोपी को रोक लिया। मगर तस्कर ने बाइक रोकने के बजाय मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मारी। वह नीचे गिर गया और आरोपी ने बाइक उसके ऊपर चढ़ा दी। घायल होने के बावजूद जसविंदर ने तस्कर को नहीं छोड़ा और उसे काबू कर थाने ले गए।
जसविंदर ने बताया कि वह दो दिन से तूर अस्पताल में भर्ती थे। उनसे कोई अधिकारी मिलने नहीं आया। तूर अस्पताल में उनका आपरेशन नहीं हो सका और उन्हें अपोलो अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
--कोट--
मुलाजिम घायल हुआ है। उसने बहादुरी के साथ दो लोगों को काबू किया था मगर दोनों से कुछ मिला नहीं है। उन्हें क्या सूचना थी, यह अभी पता नहीं है। किसी एवीडेंस की वजह से बाहर था, जिस कारण मुलाजिम से नहीं मिल पाया। जिन दो लोगों को जसविंदर ने काबू किया था उन्हें फिलहाल गारंटी लेकर भेज दिया है। उनकी बाइक थाने में ही खड़ी है।
इंस्पेक्टर परगट सिंह, प्रभारी, थाना मोती नगर