बिना बताए तीन बच्चे और दो किशोर जा पहुंचे अमृतसर, मचा हड़कंप
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया अपहरण का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शनिवार देर शाम शेरपुर कलां में अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब गली में खेल रहे तीन बच्चों सहित दो किशोर अचानक लापता हो गए। एक ही इलाके से पांच बच्चों के लापता हो जाने से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने भी आनन-फानन में अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। 30 घंटे बाद रविवार देर रात बच्चे खुद ही घर लौट आए। बच्चों के घर लौटने के बाद पुलिस और उसके घरवालों को चैन आया।
शिव कुमार ने बताया कि उसका बेटा मनीष (14) वह गली में खेलने के लिए गया था। लेकिन, घर नहीं लौटा, जब उसे ढूंढना शुरू किया तो पता चला कि इलाके में रहने वाले चार बच्चे साहिल (13), गुरप्रीत सिंह (14), बिट्टू (17) और जीत (14) भी लापता है, जोकि अक्सर मनीष के साथ ही खेलते है। उन सभी ने शिकायत थाना मोती नगर की पुलिस को दी। एक ही इलाके से पांच बच्चे गायब होने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। कहीं बच्चे किडनैप तो नहीं हो गए। इसलिए पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए लोगों के खिलाफ किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया। लेकिन, रविवार की रात को बच्चे खुद-ब-खुद घर वापस लौट आए। शिव कुमार का कहना है कि उसके बेटे मनीष ने बताया कि बिट्टू और जीत उन्हे अमृतसर ले गए थे। वह ट्रेन से अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होने श्री दरबार साहिब माथा टेका और वापस आ गए। उधर, जांच अधिकारी नारंग सिंह ने बताया कि सभी बच्चे सकुशल घर लौट आए है।