घरेलू कामकाज के लिए रखी नौकरानी ने सिविल लाइन स्थित प्रेम नगर इलाके में रहने वाले एक उद्यमी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गई। आरोपी महिला को उद्यमी ने उसी दिन काम पर रखा था और उसी दिन आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई। पुलिस ने इतने दिन की पड़ताल के बाद आखिर में नवल जैन की शिकायत पर दिल्ली स्थित मुकंदपुर की रहने वाली सुधीरा देवी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ करने में जुटी है।
नवल जैन द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उनके पास घरेलू कामकाज के लिए नौकरानी नहीं थी। वह नौकरानी की तलाश में थी। सुधीरा देवी किसी के जरिए सात मई को उनके पास काम के लिए आई। उन्होने पांच हजार रुपये में काम पर उसे रख लिया। तीन घंटे काम करने के बाद आरोपी महिला घर की अलमारी का ताला तोड़ कर अंदर से कीमती सामान और तीस हजार के करीब नकदी चोरी कर फरार हो गई।
जब मालिकों को उसके फरार होने का पता चला तो उन्होंने जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि अभी आरोपी महिला के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है ताकि पता चल सके कि वह वारदात को अंजाम देने के बाद घर से निकल कर किस तरफ गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।