दुकान का कारिंदा ही ले गया तीन लाख
मार्केट से पैसा इकट्ठा कर सारा हिसाब किताब रखता था अपने पास
कारिंदे के खिलाफ पुलिस ने किया चोरी का मामला दर्ज, तलाश शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। साबुन बाजार की एक दुकान पर काम करने वाला लड़का ही तीन लाख रुपये चोरी कर फरार हो गया। दुकानदार ने इसकी शिकायत थाना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घुमार मंडी कृष्णा नगर निवासी विजय कुमार जैन की शिकायत पर उसके कारिंदे प्रमोद कुमार के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
विजय कुमार जैन की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उनकी साबुन बाजार में जैन चैरी स्टोर के नाम से दुकान है। आरोपी प्रमोद उनके पास पिछले पांच साल से काम करता था। वह मार्केट से पैसे लाता और देने जाता था। सारा हिसाब किताब भी उसी के पास था। दस अप्रैल को मार्केट से तीन लाख रुपये आए थे। मालिकों ने उसे पैसे अंदर काउंटर के दराज में रखने को बोल दिया।
आरोपी ने पैसे दराज में रखने की बजाए अपनी जेब में डाले और दुकान को ताला लगाकर चला गया। जब अगले दिन विजय दुकान पर पहुंचे तो अंदर रखे पैसे गायब थे। उन्होंने प्रमोद को फोन लगाया तो उसका फोन बंद था। इसके बाद उन्होंने काफी देर इंतजार की। जब विजय नहीं आया तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।