चुनावी उड़नदस्ते ने पकड़ी 22 पेटी अवैध शराब
रेल कर्मचारी से किराए पर क्वार्टर लेकर करता था शराब सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। लोकसभा चुनाव की सख्ती के बावजूद अवैध शराब बरामद होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को मोहल्ला बजरी कंपनी में शाम 6 बजे के करीब एक्साइज और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश कर एक सरकारी क्वार्टर में रखी 22 पेटी अवैध शराब बरामद की है। आरोपी पुलिस टीम को देख कर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रदीप कुमार सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक्साइज विभाग के ईटीओ इंद्रवीर रंधावा तथा थाना प्रभारी डिवीजन नम्बर-2 अवतार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे के सरकारी क्वार्टर में एक युवक शराब डंप किए हुए हैं। इसके बाद चुनाव फ्लाइंग टीम, पुलिस तथा एक्साइज विभाग की टीम ने दबिश दी और मौके से 22 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। रंधावा ने बताया कि जांच के बाद पता चला है कि आरोपी प्रदीप कुमार की ओर से यह क्वार्टर चमन लाल नामक व्यकित से किराए पर लिया गया था। वह इस क्वार्टर में पिछले कुछ माह से रह रहा था। एक्साइज इंस्पेक्टर रंधावा ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि आरोपी कब से शराब का कारोबार कर रहा था और किस जगह इसकी सप्लाई की जानी थी।