कांस्टेबल को गोली मारने वाले कुब्बा का सुराग नहीं
गैंगस्टर छोटा लल्ला गिरोह का सदस्य रहा है रोहित
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई केस, एक में भगोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डीएमसी अस्पताल के बाहर कांस्टेबल दविंदर सिंह पर गोली चलाने वाला आरोपी रोहित कुब्बा किसी समय में गैंगस्टर छोटा लल्ला गिरोह का सदस्य रहा है। उसने छोटा लल्ला के साथ मिल कर भी कई वारदातें की है।
छोटा लल्ला इस समय जेल में बंद है। रोहित कुब्बा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज है और वह लूट के एक मामले में भगोड़ा भी घोषित हो चुका है। सूत्रों की माने तो रोहित कुब्बा का एक दोस्त है, जिसका साला उसे काफी परेशान कर रहा था। उसे सबक सिखाने के लिए उसने रोहित कुब्बा को भेज दिया। रोहित कुब्बा अपने दोस्त के साले को डीएमसी अस्पताल में डराने के लिए आया था। उसे धमका कर वह वहां से बाहर निकला तो बिना नबंर प्लेट की बाइक देख कर मुलाजिम ने उसे रोक लिया। वहां हुई हाथापाई के बाद उसने मुलाजिम पर ही गोली चला दी।
जब कांस्टेबल दविंदर सिंह ने उसे रोका तो उसने जाने के कई हथकंडे अपनाए। जब कांस्टेबल दविंदर नहीं माना तो उसने एक नेता के साथ मुलाजिम की बात करानी चाही,। दविंदर ने कहा कि वह बाइक के कागजात दिखाए या फिर चौकी चले। इतना सुनते ही रोहित वहां से भाग निकला। इस पर दविंदर ने शोर मचाया तो लोगों ने उसे काबू कर लिया। दविंदर उसे चौकी ले जाने लगा तो उसने गोली चला दी। थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि आरोपी रोहित का अभी कुछ पता नहीं चला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रोपड़ का निकला बाइक का नंबर
रोहित कुब्बा की बाइक को पुलिस कब्जे में ले लिया था। नंबर और कागजात न होने पर पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर से बाइक का नंबर पता लगाया। बाइक का नंबर रोपड़ का निकला। पुलिस अब रोपड़ से पता निकलवा बाइक मालिक तक पहुंचने की कोशिश में है ताकि पता चल सके कि बाइक चोरी का है या फिर रोहित कुब्बा की।