पीड़ित डीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शराब पीने के बाद दरवाजा टूटने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल को अन्य दोस्तों ने डीएमसी में दाखिल करवाया। उसकी पहचान मोगा के गांव झांडेवाल चड़िक निवासी नवदीप सिंह की शिकायत पर थाना पीएयू की पुलिस ने संगरूर के मालेरकोटला निवासी दविंदरजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
नवदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किचलू नगर स्थित एक लैबोरेटरी में काम करता है। वहां उसके साथ चरणजीत सिंह, भूपिंदर सिंह और उसका भाई दविंदरजीत सिंह काम करते हैं। 30 मार्च को काम खत्म करने के बाद सभी ने शराब पीने की योजना बनाई। शराब पीने के दौरान वह बाथरूम गया तो गेट अंदर से लॉक हो गया। जब दविंदरजीत ने गेट खोला तो वह टूट गया। इस कारण दविंदर की अपने भाई भूपिंदर के साथ कहासुनी हो गई। जब नवदीप ने बीचबचाव कराना चाहा तो आरोपी दविंदरजीत ने उसके साथ मारपीट कर दी और दरवाजा टूटने का जिम्मेदार उसे बताया। इसी बात को लेकर आरोपी दविंदर ने उसपर तेजधार हथियार से हमलाकर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। उसके बाकी साथियों ने उसे डीएमसी में दाखिल करवाया। जांच अधिकारी के मुताबिक पीड़ित की हालत अब खतरे से बाहर है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।