310 ग्राम हेरोइन समेत तस्कर गिरफ्तार
अमृतसर के बार्डर एरिया से ला करता था हेरोइन सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। ऐशो आराम की जिंदगी जीने और शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के चक्कर में एक युवक ने हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। आरोपी अमृतसर के बार्डर एरिया से हेरोइन की खेप लाकर शहर में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी को भाई रणधीर सिंह नगर स्थित लोधी क्लब के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 310 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में थाना सराभा नगर में ढंढारी कलां स्थित मोहल्ला गुरु नानक कॉलोनी निवासी हरलीन सिंह उर्फ हैरी (25) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी एक मॉल के अंदर बने स्टोर में काम करता है। आरोपी हेरोइन अमृतसर के बार्डर एरिया से लाकर शहर में सप्लाई करता है। आरोपी पिछले दो सालों से हेरोइन तस्करी का धंधा करता है। उसके खिलाफ पहले भी लूटपाट का मामला दर्ज है।