फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दे लाखों ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। थाना दयालपुरा पुलिस ने एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। उसकी पहचान इंदरजीत सिंह निवासी गांव सहना खेड़ा जिला मुक्तसर के तौर पर हुई है। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में पूर्ण सिंह निवासी गांव आकलिया जलाल ने बताया कि उनका लड़का बेरोजगार था। उसे सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर इंदरजीत सिंह ने उससे साढे़ तीन लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने उसे जंगलात विभाग का फर्जी ज्वाइनिंग पत्र उसके बेटे को थमा दिया। इस बारे में तब पता चला जब उसका बेटा फर्जी पत्र को लेकर नौकरी ज्वाइन करने विभाग के कार्यालय में पहुंचा था। इस संबंधी थाना दयालपुरा के सहायक थानेदार जसवीर सिंह का कहना था कि पुलिस ने जांच के बाद आरोपी इंदरजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।