जीएसटी नंबर शुरू करने की एवज में पचास हजार रुपये रिश्वत लेने वाले जीएसटी विभाग के ईटीओ को विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों उसके दफ्तर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में उमेश कुमार की शिकायत पर विजिलेंस ने ईटीओ अमरदीप सिंह नंदा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
एसएसपी विजिलेंस परमजीत सिंह विर्क ने बताया कि उमेश कुमार धागे और कपड़े की ट्रेडिंग का काम करता है। उसके ताया और दादा उमेश स्पिनिंग प्राइवेट लिमिटेड फर्म के डायरेक्टर है। इस फर्म का सारा काम उमेश खुद देखता है। पिछले साल दिवाली से पहले आरोपी ईटीओ अमरदीप सिंह नंदा ने फर्म का जीएसटी नंबर कैंसल कर दिया।
उमेश ने सारे कागजात दिखाए लेकिन अमरदीप सिंह ने उनकी एक नहीं सुनी और संतुष्ट नहीं हुआ। उमेश कुमार ने इस आदेश के खिलाफ पटियाला स्थित डीटीसी जीएसटी के पास अपील की। इसके बाद जिला टेक्सेशन कमिश्नर की तरफ से दोनों पक्षों को अपना अपना पक्ष रखने के लिए बोल दिया गया।
उमेश कुमार की तरफ से जल धारा कोट स्पिनिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक ओर फर्म कोहाड़ा के पास बुड्डेवाल चलाते है। इस फर्म में पिछले कुछ समय से कोई मैन्यूफैक्चरिंग नहीं हो रही, जिसका बहाना बना कर आरोपी नंदा ने इस फर्म का जीएसटी नंबर कैंसल करने का नोटिस जारी कर दिया।
कुछ दिन पहले उमेश कुमार इस नोटिस के संबंध में आरोपी नंदा से मिला तो उसने पचास हजार रुपये की मांग की। दोनों में पैसे देने का समय तय हो गया। इसके बाद उमेश ने शिकायत विजिलेंस के पास की। मंगलवार को जैसे ही उमेश ने आरोपी को पैसे दिए तो विजिलेंस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।