विवाहिता की हत्या कर शव कमरे में बंद किया
एक सप्ताह पहले प्रेमी संग हो गई फरार, कमरे में बदबू आने पर हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
सलेम टाबरी के भारती कालोनी की गली नंबर दस में शनिवार की सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब प्रवासी लोगों के लिए बनाए गए क्वार्टरों में एक महिला का शव मिला। बदबू आने के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला का शव मिला। जांच में मृतका की पहचान हिना (25) के रूप में हुई। वह एक सप्ताह पहले प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने जांच के बाद हिना के पति श्याम कुमार की शिकायत पर भारती कालोनी के रहने वाले राकेश काना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
एसएचओ इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि भारती कालोनी में प्रवासी मजदूरों के रहने के लिए क्वार्टर बने है। वहां राकेश काना ने कमरा किराए पर लिया था। कमरे से शनिवार की सुबह बदबू आने लगी तो इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे के बेड के नीचे महिला का शव पड़ा था। शव पूरी तरह से गल चुका था और उसकी टांगों और सिर पर चोट भी थी। उन्होंने कहा कि पहले तो शिनाख्त की कोशिश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला था। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया।
उन्होंने बताया जांच के दौरान पता चला कि मृतक महिला हिना है और वह अशोक नगर इलाके में रहती है। पुलिस ने उसके पति को पूछताछ के लिए बुलाया तो पता चला कि हिना के राकेश काना के साथ संबंध थे। उसके पति का इसी बात को लेकर काफी झगड़ा होता था। पिछले एक सप्ताह से हीना घर से गायब थी। हिना के पति को पूरा यकीन था कि वह राकेश के साथ भागी होगी। वह फिर भी अपने तौर पर पता कर रहा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक अभी तक की जांच में यहीं पता चल रहा है कि राकेश काना ने यह कमरा किराए पर ले रखा था। वह उसकी हत्या कर फरार हो गया है। उन्होंने बताया आरोपी की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।