कार चालक ने कांस्टेबल से छीनी चालान बुक और पेन
-नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी को फुल्लावांल के पास था रोका
-आरोपी फरार, चौकी ललतों कलां की पुलिस कर रही है तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
नाकेबंदी के दौरान गाड़ी रोकने पर गुस्साए एक व्यक्ति ने पहले तो पुलिस मुलाजिमों पर पार्षद बन रौब डाला। जब पुलिस मुलाजिम चालान भर दिया तो आरोपी ने चालान बुक छीनने की कोशिश की और पेन छीन लिया। इस दौरान पुलिस मुलाजिम इकट्ठा हो गए तो आरोपी गाड़ी भगा कर ले गया। थाना सदर के अधीन आती चौकी ललतों कलां में तैनात मुलाजिम कांस्टेबल हरभोल सिंह की शिकायत पर थाना सदर की पुलिस ने गाड़ी चालक गांव धांधरा बसंत एवेन्यू के रहने वाले अमरिंदर सिंह गुरबीर सिंह के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के साथ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के गाड़ी नंबर से उसके घर का पता लगा रही है, ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, पुलिस ने गांव फुल्लावांल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी डुगरी साइड से आ रहा था तो पुलिस ने आरोपी को रोक लिया। उसने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी तो मुलाजिम ने चालान काटने की बात की। पहले तो आरोपी ने खुद को पार्षद बता पुलिस पर रौब झाड़ने की कशिश की। जब मुलाजिम ने उसकी एक न सुनी और चालान भर दिया तो आरोपी ने मुलाजिम के साथ कहासुनी कर दी और उसके हाथ से बुक छीनने की कोशिश की और पैन छीन लिया। इसी दौरान बाकी मुलाजिम वहां आ गए तो आरोपी ने गाड़ी भगा ली। चौकी इंचार्ज एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि स्कोर्पियो चालक आरोपी कोई पार्षद नहीं है, न ही वह किसी पार्षद का रिश्तेदार है। चालान से बचने के लिए कांस्टेबल पर रौब झाड़ रहा था। जब चालान काटने लगे तो पेन छीन लिया और चालान कापी छीनने की कोशिश की। इसलिए उस पर लूट और ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।